
बरेली/आंवला/पीलीभीत: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बरेली, आंवला और पीलीभीत में चुनावी सभाओं में भाजपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि इन दोनों ही पार्टियों से देश की जनता तंग आ चुकी है और अब वह इनसे छुटकारा पाना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलेगा। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। जिसमें समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। सूबे की जनता पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ हैं।
आंवला लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार कुंवर सर्वराज सिंह के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा पहले ही रैलियों के मुकाबले में भाजपा को हरा चुकी है। अब चुनाव में भी सपा भारतीय जनता पार्टी को हराएगी। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिकता की राजनीति करने वाली भाजपा केंद्र की सत्ता में आने के लिए देश खासकर उत्तर प्रदेश के माहौल को बिगाड़ सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं। भाजपा पैसों और मीडिया के दम पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा की देश में जो हवा है वह मीडिया की बनाई हुई है। मीडिया किसी को अगर बहुत तेजी से बनाता है तो उसे उतनी ही तेजी से मिटा देता है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 67 साल हो चुके हैं। इसमें से 55 वर्षों से ज्यादा समय तक कांग्रेस ने देश पर शासन किया है। लेकिन कांग्रेस ने देश के गरीबों, मजदूरों, किसानों, अल्पसंख्यकों की भलाई के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने देश को बेरोजगारी, महंगाई, भुखमरी, गरीबी और भ्रष्टाचार दिया।
बसपा की पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बसपा के पांच वर्षों के शासन के दौरान उत्तर प्रदेश विकास के मामले में बहुत पीछे चला गया। तत्कालीन मुख्यमंत्री ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए विकास पर खर्च होने वाले सरकारी धन से पार्क और स्मारक बनवाए। पार्कों में उन्होंने जीते जी अपनी मूर्तियां लगवाईं। बसपा के शासन में सूबे में चारों तरफ भ्रष्टाचार, बेइमानी, रिश्वतखोरी और कमीशनबाजी का बोलबाला था। एनआरएचएम योजना के धन की बंदरबांट के चक्कर में दो डिप्टी सीएमओ की हत्याएं हुईं। सपा की सरकार विकास कार्यों के जरिए जनता का पैसा जनता को लौटा रही है। समाजवादी स्वास्थ्य योजना 108 ने लाखों लोगों की सेवा की है।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।